Thursday, April 25, 2024
Homeन्यूज़न्यूज़कारागार एवं होमगार्ड मंत्री के.डी. हॉस्पिटल में भर्ती घायल जवान से मिले

कारागार एवं होमगार्ड मंत्री के.डी. हॉस्पिटल में भर्ती घायल जवान से मिले

मंत्री प्रजापति ने दी आर्थिक मदद, चिकित्सकों से पूछा मरीज का हाल

मथुरा। उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति बुधवार सुबह कोई 9 बजे के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर आए और उन्होंने रविवार को सड़क हादसे में घायल होमगार्ड जवान वीरेन्द्र सिंह (38) निवासी ग्राम पसौली, तहसील छाता, मथुरा का मेडिकल सुपरिंटेंडेंट एवं उप प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार से कुशलक्षेम जानने के बाद उसके परिजनों को आर्थिक मदद दी और कहा कि उसके इलाज में किसी तरह की कोई आर्थिक परेशानी आड़े नहीं आएगी।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति के के.डी. हॉस्पिटल आगमन पर हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा उनका अभिनंदन किया गया। सड़क हादसे में घायल होमगार्ड जवान वीरेन्द्र सिंह को देखने के बाद मंत्री श्री प्रजापति ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि यह जवान मेरे परिवार का सदस्य है, इसके इलाज में हर तरह की आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने होमगार्ड जवान के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के बाद कहा कि वह घायल जवान की गरीबी को देखते हुए हरमुमकिन आर्थिक मदद देने के साथ ही मुख्यमंत्री सहायता कोष से भी मदद दिलाने के लिए अनुरोध करेंगे।
ज्ञातव्य है कि होमगार्ड जवान वीरेन्द्र सिंह (38) निवासी ग्राम पसौली, तहसील छाता, मथुरा रविवार को वाहन के इंतजार में खड़ा था जिसे गलत दिशा से आ रहे एक ट्रेक्टर ने टक्कर मार दी। उसे गम्भीर हालत में के.डी. हॉस्पिटल लाया गया। विशेषज्ञ न्यूरो सर्जन डॉ. अजय प्रजापति और डॉ. अवतार सिंह के प्रयासों से घायल जवान को खतरे से बाहर निकाला गया। डॉ. राजेन्द्र कुमार ने मंत्री श्री प्रजापति को बताया कि अब जवान खतरे से बाहर है। अब उसका उपचार हड्डी रोग विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा क्योंकि उसे सीने सहित तीन जगह गम्भीर चोटें हैं। इस अवसर पर मंत्री श्री प्रजापति ने जवान के त्वरित उपचार के लिए के.डी. हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार मानते हुए उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
जवान से मुलाकात के बाद मंत्री प्रजापति ने उप-प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार और अमित शर्मा से के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर द्वारा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी हासिल की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पुलिस और होमगार्ड के आलाधिकारियों के साथ ही हॉस्पिटल प्रभारी अमित शर्मा, समीर गौतम, वेदप्रकाश, प्रियकांत यादव, अखिलेश शुक्ला, अतुल पाठक सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments